अवैध गैस सिलेंडरों के भंडारण पर छापेमारी, 53 अवैध गैस सिलेंडर बरामद

 रेलवे लाइन से महज 10 मीटर की दूरी पर अवैध गैस सिलेंडरों का बड़ा भंडारण मिला
जौनपुर- गौराबादशाहपुर। एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर शिकंजा कसते हुए पूर्ति विभाग की टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान 53 अवैध गैस सिलेंडर बरामद किए गए। सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध दस्तावेज न मिलने पर विभाग ने उन्हें कब्जे में लेते हुए संबंधित दुकानदार के खिलाफ विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के निर्देश पर जनपद में अवैध गैस सिलेंडरों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी संतोष विक्रम साही द्वारा गठित टीम ने गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गोपालापुर गांव स्थित केशवपुर रेलवे फाटक के पास मौर्य जलपान गृह पर सोमवार सुबह करीब नौ बजे छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान दुकान के पीछे तथा रेलवे लाइन से लगभग दस मीटर की दूरी पर बड़ी संख्या में गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण मिला। टीम ने मौके से 16 भरे और 37 खाली सिलेंडर सहित कुल 53 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए। लगभग दो घंटे तक चली इस छापेमारी से आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मचा रहा।

जांच के दौरान दुकानदार इन सिलेंडरों से संबंधित कोई वैध कागजात या रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। साथ ही रेलवे पटरी के बेहद करीब सिलेंडरों का भंडारण होना सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।

छापेमारी टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी योगेंद्र यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी जयप्रकाश पांडेय, पूर्ति निरीक्षक धर्मापुर अर्चना सिंह, पूर्ति निरीक्षक सदर आशुतोष त्रिपाठी तथा पूर्ति निरीक्षक योगेंद्र यादव शामिल रहे। कार्रवाई में गौराबादशाहपुर थाने की पुलिस टीम भी मौजूद रही।

पूर्ति निरीक्षक अर्चना सिंह ने बताया कि सभी अवैध सिलेंडरों को कब्जे में लेकर दुकानदार के खिलाफ थाने में तहरीर दी जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

सपनों को संकल्प में बदलें युवा, विकसित भारत के बने सहभागी: राज्यपाल

कांवड़ यात्रा व त्योहारों पर जौनपुर प्रशासन मुस्तैद: डीएम ने जारी किए सख्त निर्देश, सीसीटीवी और गोताखोरों से होगी सुरक्षा

कौशल त्रिपाठी बने लायंस क्लब क्षितिज के अध्यक्ष