शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित; नुकसान का आकलन जारी

फर्नीचर शोरूम में भीषण आग: डीएम-एसपी की त्वरित कार्रवाई से टली जनहानि
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के जोगियापुर पुल के समीप स्थित प्रेमगढ़ा फर्नीचर शोरूम में शनिवार शाम भीषण आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य का तत्काल नेतृत्व किया।
फायर विभाग को सूचना दिए जाने के महज 7-8 मिनट के भीतर पहली दमकल मौके पर पहुंच गई। कुछ ही देर में 4 से 5 फायर टेंडर आग बुझाने में जुट गए। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा।
बताया गया कि शोरूम के भूतल पर घरेलू सामान, प्रथम तल पर फर्नीचर शोरूम तथा द्वितीय तल पर गोदाम था, जहां बड़ी मात्रा में फर्नीचर, गद्दे, कुशन, प्लास्टिक चेयर और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी थी। इसी कारण आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जबकि संपत्ति के नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इसकी पुष्टि विद्युत सुरक्षा विभाग एवं अग्निशमन विभाग की विस्तृत जांच रिपोर्ट के बाद होगी।
घटना की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा एवं एसडीएम सदर योगिता सिंह की दो सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसे अगले दिन शाम तक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, गोदामों में आवश्यकता से अधिक ज्वलनशील सामग्री न रखने तथा आपातकालीन निकास मार्ग हमेशा खुले रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जनपद के स्कूलों, कॉलेजों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की विशेष जांच कराई जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Comments

Popular posts from this blog

सपनों को संकल्प में बदलें युवा, विकसित भारत के बने सहभागी: राज्यपाल

कांवड़ यात्रा व त्योहारों पर जौनपुर प्रशासन मुस्तैद: डीएम ने जारी किए सख्त निर्देश, सीसीटीवी और गोताखोरों से होगी सुरक्षा

कौशल त्रिपाठी बने लायंस क्लब क्षितिज के अध्यक्ष