*खरीफ सीजन को लेकर डीएम सैमुअल पॉल एन सख्त, नहरों की समयबद्ध सफाई और अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने के दिए निर्देश*
*जौनपुर।* खरीफ सीजन में किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में सिंचाई विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नहरों के संचालन, सफाई और जल वितरण व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नहरों एवं उनकी शाखाओं की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि सिंचाई का पानी बिना किसी बाधा के अंतिम छोर तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और जल वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी क्षेत्र में पानी न पहुंचने या अन्य तकनीकी समस्या की शिकायत मिलती है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के सरकारी नलकूपों (ट्यूबवेल) की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने को कहा।
बैठक में अधिशासी अभियंता सिंचाई विपिन कुमार, सुनील कुमार गुप्ता, अधिशासी अभियंता नलकूप सहित सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment