सीज करने की धमकी देकर उगाही का खेल खत्म, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
*जौनपुर।* शाहगंज पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग की टीम बनकर मेडिकल स्टोर एवं डिस्पेंसरी संचालकों को सीज करने की धमकी देकर अवैध वसूली करने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामनिवास गौतम पुत्र वंशराज गौतम निवासी छतरपुर, थाना बरदह, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज के निर्देशन में थाना शाहगंज पुलिस ने रविवार को नटौली क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना शाहगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 248/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक, नटौली निवासी मेडिकल स्टोर एवं डिस्पेंसरी संचालक लक्ष्मीशंकर यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई को तीन व्यक्ति उनकी डिस्पेंसरी पर पहुंचे और स्वयं को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) की टीम का सदस्य बताते हुए क्लीनिक को फर्जी बताकर सीज करने की धमकी दी। आरोपियों ने कार्रवाई से बचाने के नाम पर पहले 20 हजार रुपये और बाद में 5 हजार रुपये की मांग की। भय और दबाव बनाकर उन्होंने पीड़ित से 3 हजार रुपये वसूल लिए। बाद में पता चला कि आरोपियों ने अन्य मेडिकल स्टोर एवं क्लीनिक संचालकों से भी इसी तरह अवैध वसूली की थी।
शिकायत के आधार पर शाहगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की और मुख्य आरोपी रामनिवास गौतम को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी जौनपुर के गौराबादशाहपुर थाने में मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, रंगदारी और धमकी सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक ओम प्रकाश पांडेय तथा आरक्षी धीरज पांडेय शामिल रहे।
Comments
Post a Comment