कक्षा में बंद रह गया मासूम मामले में बीएसए ने किया प्रधानाध्यापिका व शिक्षिका को निलंबित

 सिरकोनी के बनपुरवा प्राथमिक विद्यालय की घटना, सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई

जौनपुर। सिरकोनी विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा, परियांव में कक्षा-2 के एक छात्र के विद्यालय की कक्षा में बंद रह जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) समीर ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कृष्णा कुमारी और सहायक अध्यापिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

बीएसए द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में दोनों शिक्षिकाओं को प्राथमिक विद्यालय कुड़वा से संबद्ध किया गया है। वहीं, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी, मुंगरा बादशाहपुर को जांच अधिकारी नामित किया गया है।

बीईओ सिरकोनी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया और स्थानीय ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिली कि प्राथमिक विद्यालय बनपुरवा में कक्षा-2 का छात्र विपिन निषाद विद्यालय की छुट्टी के बाद कक्षा के अंदर ही बंद रह गया है। सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा ग्रामीणों से पूछताछ की। जांच में प्रथम दृष्टया छात्र के कक्षा में बंद रह जाने की पुष्टि हुई।

घटना के बाद छात्र के परिजनों ने विद्यालय के शिक्षकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए समीर ने तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए दोनों शिक्षिकाओं को निलंबित कर दिया।

बीएसए ने जांच अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि पूरे मामले की विस्तृत जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरी कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

यह कार्रवाई शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाली इस घटना के बाद प्रशासन की सख्ती का स्पष्ट संकेत मानी जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

सपनों को संकल्प में बदलें युवा, विकसित भारत के बने सहभागी: राज्यपाल

कांवड़ यात्रा व त्योहारों पर जौनपुर प्रशासन मुस्तैद: डीएम ने जारी किए सख्त निर्देश, सीसीटीवी और गोताखोरों से होगी सुरक्षा

कौशल त्रिपाठी बने लायंस क्लब क्षितिज के अध्यक्ष