*पुलिस लाइन में ध्वजारोहण के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस*
*जौनपुर।* जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुआ। पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय हाल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’, पूर्व गृह राज्यमंत्री महाराष्ट्र सरकार कृपाशंकर सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति का जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन., मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया और पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बुके भेंट कर स्वागत किया। अतिथियों को स्वामी विवेकानंद की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए महात्मा गांधी के नेतृत्व में असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों ने अप...