1658 छूटे हुये फ्रंटलाइन वर्करों ने लगवाया कोविड-19 का टीका





जौनपुर। जनपद में सोमवार (22 फरवरी) को मॉपअप राउंड के तहत 1658 छूटे हुये फ्रंटलाइन वर्करों को कोविड-19 टीका लगा जो कि लक्ष्य 3291 के सापेक्ष 51 प्रतिशत रहा । यह टीका 23 केंद्रों पर 23 सत्रों के माध्यम से लगाया गया। 
यह फ्रंटलाइन वर्करों के लिए अंतिम मौका था तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ राकेश कुमार और जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ नरेंद्र सिंह ने टीका लगवाने से वंचित फ्रंटलाइन वर्कर्स से इस बार जरूर लगवा लेने की अपील की थी। फ्रंटलाइन वर्करों में पुलिसकर्मी, राजस्व विभाग, नगर पालिका, सफाईकर्मी, पंचायती राज विभाग के कर्मचारी और  रेलवे और रेलवे पुलिस के कर्मचारी आते हैं।
यहां-यहां लगे सत्र : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मापुर, डोभी, जलालपुर, करंजाकला, केराकत, मछलीशहर, महराजगंज, मुंगराबादशाहपुर, शाहगंज, चांदपुर-सिकरारा, सिरकोनी, सोंधी, मड़ियाहूं, बरसठी, बख्शा, जिला पुरुष चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, राजकीय लीलावती महिला चिकित्सालय पर सत्र का आयोजन कर टीका लगाया गया।
जनपद में पहले ही 7057 फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लग चुका था 1658 और को टीका लग जाने के साथ फ्रंटलाइन वर्करों में टीका लगवाने वालों की संख्या 8715 हो गई जो कि अब तक के फ्रंटलाइन वर्करों के लिए निर्धारित कुल लक्ष्य 11,268 के सापेक्ष 78 प्रतिशत है। वहीं 12,187 स्वास्थ्यकर्मियों को भी टीका लग चुका है। ऐसे में जिले में कुल 20,902 लोगों को टीका लगाकर प्रतिरक्षित किया जा चुका है।
पुलिस लाइन में हेडकांस्टेबल संतोष कुमार गिरि लीलावती महिला चिकित्सालय में मापअप राउंड के तहत टीका लगवाने आए थे। उन्हें पिछली बार बुलाए जाने की तारीख याद नहीं है। वह कहते हैं कि जब उन्हें पिछली बार बुलाया गया था तो वह ड्यूटी में थे जिसके चलते वह नहीं आ पाए। इस बार टीका लगवाने के लिए उन्हें मोबाइल पर फोन और संदेश दोनों आया था। टीका लगवाने के बाद आधे घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई दिक्कत नहीं हो रही थी।
वहीं खेतासराय में 112 नम्बर पुलिस में कार्यरत संजय यादव ने बताया कि इसके पहले उन्हें 11 तारीख को टीका लगवाने के लिए बुलाया गया था। उस समय उनकी ड्यूटी लगी थी। इसलिए वह नहीं आ सके। कल फोन और संदेश दोनों आया। उन्होंने बताया कि टीका लगवाने के बाद आधा घंटे से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी उन्हें कोई दिक्कत नहीं हो रही थी।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस