प्रदेश के पुलिस विभाग में 31 अक्टूबर तक सभी छुट्टियां हुई रद्द, जानें क्या है डीजीपी का आदेश

प्रदेश में लगातार कई त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अगले एक महीने को संवेदनशील बताते हुए पैनी निगरानी का निर्देश दिया तो पुलिस विभाग तुरंत 'एक्शन मोड' में आ गया। पुलिस महानिदेशक डीएस चौहान ने प्रदेश के सभी पुलिस कर्मियों के अवकाश 31 अक्टूबर तक के लिए रद कर दिए हैं। इस संबंध में उनकी ओर से आदेश जारी कर दिए गए।
दरअसल, नवरात्र का पर्व शुरू हो चुका है। इसके बाद दशहरा, दीपावली, छठ पूजा आदि मनाए जाने हैं। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने गत दिवस अपने सरकारी आवास से वीडियो कान्फ्रेंसिंग कर वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक माह लगातार त्योहार होंगे। बाजारों में भीड़ होगी। विभिन्न आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक आदि शामिल होंगे।
सीएम ने कहा, इसको देखते हुए विशेष सतर्कता बरतते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं। उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, कमिश्नरी और रेंज स्तर पर कंट्रोल रूम के माध्यम से कानून व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में परंपरागत रूप से 44,000 से अधिक स्थलों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती रही हैं। इसके अलावा भी प्रतिमाओं की स्थापना होती है।
दुर्गा पूजा के साथ ही योगी ने मूर्ति विसर्जन के समय पुलिस बल की तैनाती के लिए कहा है। साथ ही चेताया कि देर रात तक रामलीला का मंचन चलता रहता है। ऐसे में सुरक्षा की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। मुख्यमंत्री के इन निर्देशों के बाद ही डीजीपी ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने की मंशा से पुलिस कर्मियों की छुट्टियां रद कर दी हैं। हां, इतनी राहत जरूर दी है कि विशेष परिस्थिति में किसी को आवश्यकता के अनुसार अवकाश दिया जाए।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस