ट्रक ने बाइक सवार पति पत्नी सहित बेटे को रौंदा तीनो की मौत, खुशियां बदली मातम में


मिर्जापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के रीवा मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बड़े मोड़ के आगे शनिवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दिया। जिससे बाइक पर सवार मां-बेटे की तो मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप घायल बाइक चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। उधर टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई।
ग्राम देउरी थाना व जिला मऊगंज (मध्यप्रदेश) निवासी अमृतलाल कोल (32) अपनी पत्नी रन्नो देवी (29) व छह वर्षीय पुत्र अनूप को बाइक पर बैठाकर मिर्जापुर की ओर जा रहा था। उसी दौरान ड्रमंडगंज घाटी से नीचे उतरते समय पीछे से मछली लादकर आ रही ट्रक ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित होकर आगे चल रही बाइक में टक्कर मार दिया।
हादसे में रन्नो देवी व उसके पुत्र अनूप की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल अमृतलाल ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। उधर, सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सरोज ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल भेजने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी। 
अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सक ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद एसडीएम लालगंज आशाराम वर्मा व सीओ अशोक कुमार सिंह ने भी पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। बाइक को टक्कर मारने वाली ट्रक आंध्रप्रदेश से मछली लादकर आ रही थी।
घाटी में अचानक ब्रेक फेल होने से जब ट्रक अनियंत्रित हो गई तो उसका चालक जान बचाने के लिए ट्रक से नीचे कूद गया। उसके बाद चालक विहीन ट्रक ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मारते हुए बाइक समेत उस पर सवार पति-पत्नी व बेटे को बुरी तरह कुचलते हुए कुछ दूर आगे जाकर डिवाइडर से टकराकर सड़क पर पलट गई। सड़क पर ट्रक पलटते ही एक लेन पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया।
सीओ लालगंज ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप घायल तीन लोगों की मौत हो गई है। परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी गई है। परिजनों के आने के बाद तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस