बोरा लदी डीसीएम में लगी आग, घंटों जाम से जूझता रहा शाहगंज


 


जौनपुर  शाहगंज नगर के प्रमुख बाजार लोहा मंडी में शुक्रवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक बोरा लदी डीसीएम से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों के प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इस दौरान जौनपुर-शाहगंज मार्ग घंटों तक बाधित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डीसीएम (संख्या यूपी 41 बीटी 1505) जौनपुर की ओर जा रही थी। जब यह वाहन जेसीज चौक से गुजरा, तभी ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार से निकली चिंगारी उस पर गिरी। चालक को इसका अंदाजा नहीं हुआ और वह आगे बढ़ता रहा। लोहा मंडी पहुंचने पर खलासी की नजर पीछे गई, तो उसने आग की लपटें उठती देख चालक को वाहन रोकने के लिए कहा।

आग लगते ही बाजार में हड़कंप मच गया। स्थानीय दुकानदारों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आग बुझाने में जुट गए। पुलिस के जवानों ने भी आसपास की छतों पर चढ़कर पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इस घटना के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आवागमन ठप हो गया।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया और पुलिस ने यातायात बहाल कराया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस