आजमगढ़ में पुलिस टीम पर हमला, थाना प्रभारी सहित चार घायल, सीओ के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स तैनात


 दीदारगंज आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में तीन दिन पहले एक बारात के दौरान डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को हिंसक हो उठा। जौनपुर जिले के आनापुर चकवा बाजार से इनोवा कार में सवार होकर आए लोगों पर गांव के दूसरे पक्ष ने हमला बोल दिया। हमलावरों ने वाहन का शीशा तोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।


सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 और थाना पुलिस को देखकर ग्रामीण भड़क गए और पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इस हमले में थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पांडे के नेतृत्व में एक दर्जन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान लगभग 60 लोगों को हिरासत में लिया गया। घायल थाना प्रभारी का हाल जानने के लिए डीआईजी सुनील कुमार सिंह सहित कई पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हालांकि, जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इस मामले पर अभी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस