खुटहन में विकास के दावों की खुली पोल: उपाध्यायपुर का मुख्य संपर्क मार्ग बदहाल, ग्रामीणों में आक्रोश
जौनपुर विकास खंड खुटहन के पश्चिमी छोर पर स्थित ग्राम सभा उपाध्यायपुर इन दिनों बदहाली का दंश झेल रही है। ग्राम सभा को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला रास्ता लंबे समय से खराब हालत में है। इसी रास्ते से दर्जनों घरों के ग्रामीणों का रोजाना आवागमन होता है, लेकिन सड़क की स्थिति देखकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार गांवों के विकास के लिए लगातार धन आवंटित कर रही है और विकास कार्यों को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता की जांच आखिर कौन करेगा? उपाध्यायपुर का बदहाल रास्ता इन दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
ग्रामीणों ने खण्ड विकास अधिकारी (बीडीओ), खुटहन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि विकास खंड के मुखिया होने के नाते बीडीओ की जिम्मेदारी केवल कार्यालय में बैठकर सरकारी योजनाओं की फाइलों पर हस्ताक्षर करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। ग्रामीणों के मुताबिक, अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करना चाहिए और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
ग्रामीणों का आरोप है कि यदि अधिकारी समय-समय पर गांवों में पहुंचकर विकास कार्यों की जमीनी जांच और निगरानी करें तो ऐसी बदहाली सामने ही न आए। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर रास्ते की स्थिति का निरीक्षण करें और जल्द से जल्द इसके पुनर्निर्माण की कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अतिशीघ्र रास्ते का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो वे सामूहिक रूप से जिला स्तर पर शिकायत करने को मजबूर होंगे।
इस संबंध में खण्ड विकास अधिकारी, खुटहन से दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। समाचार लिखे जाने तक उपाध्यायपुर का उक्त रास्ता बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ था।
अब सवाल यह है—
क्या खण्ड विकास अधिकारी मौके पर पहुंचकर बदहाल रास्ते का निरीक्षण करेंगे?
क्या जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों से जवाब मांगा जाएगा?
और क्या ग्रामीणों को जल्द ही इस बदहाल रास्ते से निजात मिल पाएगी?
Comments
Post a Comment