जौनपुर में फिर जानलेवा साबित हुआ चाइनीज मांझा, बाइक सवार युवक की गर्दन कटी

जौनपुर। शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर एक बार फिर देखने को मिला। रविवार शाम करीब 4:30 बजे सद्भावना पुल के पास बाइक से घर जा रहे 20 वर्षीय युवक की गर्दन अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गई। धारदार मांझे से उसकी गर्दन कट गई और खून बहने लगा। हादसे के बाद दोस्तों ने तत्काल कपड़े से घाव दबाकर खून रोकने का प्रयास किया और घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।

घायल युवक की पहचान पुराना पानदरीबा निवासी संतोष कुमार मौर्य के पुत्र शगुन मौर्य (20) के रूप में हुई है। बताया गया कि शगुन रविवार शाम बाइक से अपने घर जा रहा था। वह राजेश बिरयानी वाले के पास पहुंचा ही था कि आसमान में उड़ रहा मांझा अचानक उसकी गर्दन में फंस गया। मांझे की धार से गर्दन पर कट लगते ही वह घबरा गया और बाइक रोक दी।

हादसे की जानकारी मिलते ही शगुन के दोस्त शानू और अन्य साथी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत उसकी गर्दन पर कपड़ा रखकर खून रोकने की कोशिश की। इसके बाद घायल शगुन को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, समय पर उपचार मिलने के कारण युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। उसकी गर्दन पर चोट लगी है, लेकिन अभी कोई गंभीर खतरा नहीं बताया गया है।

प्रतिबंध के बावजूद बिक्री पर उठे सवाल

घटना के बाद शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। इसकी धार राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। सद्भावना पुल के पास हुई घटना ने प्रशासन और पुलिस के सामने इसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जरूरत को फिर उजागर कर दिया है।

स्थानीय लोगों का सवाल है कि प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा शहर में कैसे पहुंच रहा है और इसकी बिक्री कौन कर रहा है? लोगों ने पुलिस और प्रशासन से बिक्री व इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Comments

Popular posts from this blog

*अत्यधिक बारिश के चलते जौनपुर में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 1 सितंबर को बंद*

*कक्षा में शिक्षकों के मोबाइल पर डीएम सख्त, प्रधानाध्यापक के पास जमा कराने के निर्देश*