14 मई से 17 जून तक जमा होगा समूह ग की भर्तियों के लिए पीईटी का ऑनलाइन आवेदन व शुल्क

लखनऊ। प्रदेश में समूह ग की भर्तियों के लिए प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) का विज्ञापन अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जारी कर दिया है। इसके अनुसार पीईटी के लिए ऑनलाइन आवेदन व शुल्क जमा करने की प्रक्रिया 14 मई से 17 जून तक होगी। शुल्क समायोजन व आवेदन में संशोधन 24 जून तक किया जा सकेगा। शासन की ओर से बृहस्पतिवार को पीईटी में एक बार शामिल होने वाले अभ्यर्थी को तीन साल के लिए वैध किए जाने के निर्णय के अगले दिन ही आयोग ने इसका विज्ञापन जारी किया है। इसमें यह भी कहा गया है कि पीईटी का आयोजन हर साल कराया जाएगा व परीक्षा में मिलने वाले नंबर तीन साल के लिए प्रभावी होंगे। इसके आधार पर अभ्यर्थी समूह ग की भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को उनके मिले सर्वाधिक नार्मलाइज्ड अंकों के आधार पर शार्ट लिस्ट किया जाएगा। आयोग के सचिव अवनीश सक्सेना ने बताया है कि हाईस्कूल व समकक्ष अर्हता वाले 18 से 40 साल आयु के अभ्यर्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन में अभ्यर्थी अद्यतन छह महीने से ज्यादा पुरानी फोटो न अपलोड करें। सामान्य व ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 185 व एससी-एसटी के लिए 95, दिव्यांग के लिए 25 रुपये है। बता दें कि आयोग की ओर से 2023 में पीईटी का आयोजन अक्तूबर में किया गया जबकि परिणाम जनवरी 2024 में जारी किया गया। इसके नंबर जनवरी 2025 तक वैध थे। जबकि 2024 में परीक्षा का आयोजन नहीं किया जा सका। वहीं अब 2025 में यह परीक्षा सितंबर-अक्तूबर में ही आयोजित की जा सकेगी। सचिव ने बताया कि पीईटी की लिखित परीक्षा का पाठ्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। पेपर में भारतीय इतिहास, भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल, भारतीय अर्थव्यवस्था, भारतीय संविधान व लोक प्रशासन, सामान्य विज्ञान, प्रारंभिक अंकगणित, सामान्य हिंदी व अंग्रेजी, तर्कशक्ति, सामान्य जागरूकता, समसामायिकी, हिंदी गद्यांश आदि से जुड़े सवाल होंगे। परीक्षा 100 नंबर की और दो घंटे की होगी। इसमें माइनस मार्किंग भी लागू होगी।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस