रामपुर सीएचसी में सड़क पर प्रसव मामले पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने लिया संज्ञान, जांच टीम गठित


जौनपुर,--रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रसव के दौरान लापरवाही के मामले ने तूल पकड़ लिया है। वायरल वीडियो के माध्यम से सामने आई इस घटना में एक गर्भवती महिला द्वारा ठेले पर ही बच्चे को जन्म देने की जानकारी सामने आने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. लक्ष्मी सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कोटगांव, रामपुर निवासी चंदा बनवासी पत्नी मुकेश बनवासी 31 जुलाई को डिलीवरी के लिए रामपुर सीएचसी पहुंचीं थीं। आरोप है कि अस्पताल की स्टाफ नर्स ने प्रसव की व्यवस्था न होने का हवाला देते हुए उन्हें भर्ती करने से मना कर दिया और वापस भेज दिया।

परिवार महिला को ठेले पर लेकर वापस लौट रहा था, तभी न्यू कैरियर स्कूल के पास रास्ते में ही ठेले पर प्रसव हो गया। दुर्भाग्यवश, नवजात की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे जनमानस में आक्रोश व्याप्त है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एक जांच टीम का गठन कर दिया गया है और तीन दिवस के भीतर रिपोर्ट तलब की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए गए किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना न केवल स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की संवेदनहीनता को भी उजागर करती है। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और आगामी प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस