जीप और पिकअप की जोरदार टक्कर में मजदूर की मौत, सिर में सरिया घुसने से हुआ दर्दनाक अंत

जौनपुर मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के नदियांव गांव में बुधवार की देर रात हुए सड़क हादसे में एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब डीजे जीप और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप सवार मजदूर के सिर में सरिया धंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान डॉक्टर सोनकर (पुत्र स्व. बसंता सोनकर) निवासी शिल्पकार बस्ती, रामनगर द्वितीय, मड़ियाहूं के रूप में हुई है। वह पेशे से मजदूर था और अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। बताया जाता है कि वह बुधवार की शाम इलाहाबाद टाइल्स पर टाइल्स उतारने का काम करने गया था।

रात लगभग 11:45 बजे टाइल्स उतारने के बाद वह पिकअप से घर लौट रहा था। इसी दौरान जब वाहन जंगीगंज बाजार से आगे नदियांव गांव के पास पहुंचा, तो सामने से तेज रफ्तार में आ रही डीजे जीप से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में डीजे जीप से निकला एक नुकीला सरिया डॉक्टर सोनकर के सिर में जा धंसा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मॉर्चरी हाउस भेज दिया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के परिवार में चार नाबालिग बेटियां हैं, जिनके पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी अब परिवार पर आ गई है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस