जलालपुर को विकास की नई रफ्तार, 5.35 करोड़ की सड़क योजना का शिलान्यास

जफराबाद विधायक जगदीश नारायण राय ने किया कार्यारंभ, आवागमन होगा सुगम


जौनपुर - जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जलालपुर वाराणसी मुख्य मार्ग से जलालपुर कस्बा होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग तक सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का आज विधिवत शिलान्यास किया गया। लगभग 5 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस महत्वाकांक्षी कार्य के मुख्य अतिथि जफराबाद के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार जगदीश नारायण राय रहे।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जगदीश नारायण राय ने कहा कि सड़कें विकास की रीढ़ होती हैं और बेहतर सड़कें क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों को गति देती हैं। उन्होंने कहा कि जलालपुर क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए यह सड़क अब चौड़ी और मजबूत बनेगी, जिससे लोगों को जाम, दुर्घटनाओं और आवागमन की परेशानियों से राहत मिलेगी।

विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा क्षेत्र का समग्र विकास रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल और सिंचाई जैसे बुनियादी मुद्दों पर निरंतर कार्य कराया जा रहा है। यह सड़क परियोजना जलालपुर कस्बे को सीधे हाईवे से जोड़कर व्यापार, रोजगार और यातायात को नई दिशा देगी।

कार्यक्रम में मख्खन यादव (प्रधान लोहगाजर), नीरज सिंह (लोहगाजर), नन्हे यादव (प्रधान रेहटी), अमित यादव (सपा नेता), जयप्रकाश यादव, गुरु गोपाल सिंह, त्रिलोचन सिरोहित यादव, पवन प्रजापति, अनुराग सिंह, निहाल, शिवचंद्र यादव, ब्लॉक अध्यक्ष पाठक गुरु सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

लोक निर्माण विभाग (PWD) के जेई एवं एई ने बताया कि कार्य को मानक के अनुरूप एवं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराया जाएगा, जिससे आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।

क्षेत्रवासियों ने इस सड़क परियोजना के लिए विधायक जगदीश नारायण राय का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जफराबाद विधानसभा लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस