पूर्वांचल विश्वविद्यालय पर नियमों की अनदेखी का आरोप, अभ्यर्थियों ने उठाई न्याय की मांग

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन पर PUCRET-2024 से जुड़े नियमों की अनदेखी और चयनित अभ्यर्थियों के साथ भेदभाव करने के गंभीर आरोप लगे हैं। यह आरोप अभ्यर्थी नीतू रानी, समिता शिवा और कमलेश ने संयुक्त रूप से लगाए हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन की मनमानी के चलते उनका शैक्षणिक भविष्य संकट में पड़ गया है।

अभ्यर्थी नीतू रानी ने बताया कि PUCRET-2024 में सफल होने के बाद भी उन्हें शिक्षा संकाय में टीचर रिसर्च/पीएचडी के लिए अवसर नहीं दिया जा रहा है, जबकि विश्वविद्यालय के नियमों में इसका स्पष्ट प्रावधान मौजूद है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद नियमों में बदलाव करना पूरी तरह अनुचित और नियम विरुद्ध है।

वहीं समिता शिवा का कहना है कि UGC-NET/JRF से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को शोध के लिए जो अधिकार मिलने चाहिए, उनसे वंचित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों की न तो स्पष्ट जानकारी दी जा रही है और न ही किसी प्रकार की पारदर्शिता बरती जा रही है, जिससे अभ्यर्थी मानसिक तनाव में हैं।

अभ्यर्थी कमलेश ने आरोप लगाया कि कई बार विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कुलपति से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन न तो मुलाकात का समय दिया गया और न ही समस्या का कोई समाधान निकाला गया। उन्होंने कहा कि कुछ महिला अभ्यर्थियों को विशेष रूप से मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

अभ्यर्थियों ने कहा कि यदि शीघ्र ही विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा नियमों के अनुरूप न्यायोचित निर्णय नहीं लिया गया, तो वे मजबूरन माननीय उच्च न्यायालय की शरण लेंगे और साथ ही आंदोलन का रास्ता भी अपनाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

अभ्यर्थियों का कहना है कि यह मामला केवल कुछ छात्रों का नहीं, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता से जुड़ा हुआ है। अब सभी की निगाहें विश्वविद्यालय प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस