*शाही पुल से किशोरी ने गोमती में लगाई छलांग, मां के सामने उठाया आत्मघाती कदम*
*जौनपुर।* कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शाही पुल पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। मां के साथ ई-रिक्शा से दवा लेने जा रही 17 वर्षीय किशोरी ने अचानक गोमती नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार, गुलर घाट निवासी सैय्यद हसनैन की 17 वर्षीय पुत्री गुड़िया अपनी मां शर्मिला के साथ दवा लेने जा रही थी। दोपहर करीब तीन बजे जब ई-रिक्शा शाही पुल से गुजर रहा था, तभी किशोरी ने अचानक रिक्शा रुकवाया और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने नदी में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह और सरायपोख्ता चौकी प्रभारी राहुल रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किशोरी की तलाश शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक शव बरामद नहीं हो सका था।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। यदि यह घटना किसी मानसिक या भावनात्मक संकट से जुड़ी थी, तो उसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
Comments
Post a Comment