मिशन शक्ति फेज 6 के तहत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोहरी में छात्राओं को सिखाए गए आत्म सुरक्षा के मंत्र
मिशन शक्ति का उद्देश्य समाज में महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करना: एसीपी अजेंद्र यादव
फाफामऊ, (प्रयागराज)। मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत शुक्रवार को राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोहरी में जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एसीपी थरवई अजेंद्र यादव ने किया। इस दौरान उनके साथ फाफामऊ थाना प्रभारी छोटक यादव, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी निधि पटेल एवं समस्त पुलिस बल मौजूद रहा। एसीपी थरवई अजेंद्र यादव ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें सुरक्षा, स्वावलंबन और सम्मान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि राह चलते यदि कोई अनजान व्यक्ति परेशान करता है तो घबराएं नहीं, सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों की मदद लें। प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क स्थापित है, वहां तत्काल सूचना दें। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस इमरजेंसी 112 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के बारे में अपने आसपास की महिलाओं को भी जागरूक करें।फाफामऊ थाना प्रभारी छोटक यादव ने कहा कि यदि राह चलते कोई मनचला परेशान करे तो तुरंत हेल्पलाइन पर कॉल करें, एंटी रोमियो स्क्वॉड तत्काल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा प्रदान करेगी। उन्होंने स्वयं की सुरक्षा कैसे करें, इसके टिप्स भी छात्राओं को दिए और कहा कि पुलिस 24 घंटे आपकी सेवा में तत्पर है, लेकिन 112 नंबर का अनावश्यक प्रयोग न करें।
मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी निधि पटेल ने महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, सम्मान तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं महिला स्वयं सहायता समूह, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, चिकित्सा संबंधी आयुष्मान योजना, बीसी सखी, सुकन्या समृद्धि योजना, विधवा पेंशन योजना, वृद्धा पेंशन योजना, उज्ज्वला योजना, सामूहिक विवाह योजना के बारे में विस्तार से बताया। एसआई सौमित्र सिंह ने कहा कि बेटियों के जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक सरकार विभिन्न योजनाओं से लाभ दे रही है। प्रदेश में अब तक लगभग 5 लाख से अधिक सामूहिक विवाह कराए जा चुके हैं। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन 1930 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। अंत में प्रधानाचार्य डॉ. रवि भूषण ने एसीपी थरवई अजेंद्र यादव, थाना प्रभारी छोटक यादव के साथ उनकी टीम, मिशन शक्ति टीम और पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं से अपील की कि बताए गए नंबरों व योजनाओं को अपने जीवन में अपनाएं और दूसरों को भी जागरूक करें। इस अवसर पर उप निरीक्षक सौमित्र सिंह, उप निरीक्षक हारून, कांस्टेबल मनीष, दीपक पासवान, मिशन शक्ति टीम से महिला कांस्टेबल शिखा यादव, सुषमा पाल, मीना तथा विद्यालय परिवार से रोली कुदेशिया, हेमलता पटेल, डॉ. रीना प्रधान, अनीता पटेल, विनोद कुमार, गिरिजेश विश्वकर्मा, तन्नू मौर्या, साक्षी तिवारी, किरन मिश्रा, ऋषि सोनी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
Comments
Post a Comment