सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सरकार पर सवाल कर प्रदेश को जंगल राज की तरफ धकेलना चाहते हैं - स्वामी प्रसाद मौर्य




उत्तर प्रदेश के श्रम व सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने आज सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा है कि योगी सरकार के कानून राज पर सवालिया निशान लगा कर अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश को जंगल राज की तरफ धकेलना चाहते हैं । उन्होंने दावा किया है कि योगी सरकार ने अपने लगभग चार साल के कार्यकाल में पंद्रह लाख लोगों को नौकरी देकर रिकार्ड कायम किया है ।

श्रम व सेवायोजन मंत्री मौर्य ने आज बलिया  जिले के बिल्थरारोड में एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने अपने लगभग चार साल के कार्यकाल में पंद्रह लाख लोगों को नौकरी देकर रिकार्ड कायम किया है । उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने पांच साल के सरकार में सेवायोजन विभाग के जरिये एक लाख इक्कासी हजार लोगों को नौकरी दी है , जबकि उनके विभाग ने चार साल के कार्यकाल में चार लाख लोगों को रोजगार दे दिया है । इसके अतिरिक्त कौशल विकास व विभिन्न विभागों में पांच लाख व संविदा के तहत छह लाख लोगों को नौकरी दी गई है ।

उन्होंने एक सवाल के जबाब में कहा कि अखिलेश यादव योगी सरकार के कानून राज पर सवालिया निशान लगा रहे हैं । अखिलेश यादव को अपनी सरकार का जंगल राज व गुंडा राज याद आ रहा है । उन्होंने कहा कि योगी सरकार में अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो रही है । अब अपराधी सत्ताधारी लोगों के साथ मंच साझा नही कर सकते । ऐसे में अखिलेश यादव को योगी सरकार के कानून राज से दर्द होना स्वाभाविक है । उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश को जंगल राज की तरफ धकेलना चाहते हैं ।


उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नसीहत दिया कि वह सभी की भावनाओं का सम्मान करना सीखें । उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी की भावनाओं का सम्मान करना पड़ता है । लोग अपनी भावनाओं के अनुरूप नमस्कार , प्रणाम , जय श्री राम , नमो बुद्धाय आदि बोलते हैं । इस पर किसी को भी एतराज नही करना चाहिए ।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल को मोदी सरकार पर प्रहार करने से पूर्व स्वयं अपने दामन में झांक कर देखना चाहिए । उन्होंने कहा कि देश की जनता चुनाव में योग्य व अयोग्य को लेकर फैसला कर चुकी है । जनता ने जिसे योग्य समझा , उसे सत्ता सौंप दी तथा जिसे अयोग्य समझा , उसे सत्ता से बाहर कर दिया ।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ