ट्रेन की चपेट से युवक की हुई दर्दनाक मौत, गांव में मचा कोहराम

 छोटे लाल बिन्द के घर का बुझ गया इकलौता चिराग

खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मानी कला (पश्चिम बजरंग नगर) में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। ग्राम निवासी सन्नी बिन्द ऊर्फ करन (24 वर्ष) पुत्र छोटे लाल बिन्द की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सन्नी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार सन्नी रविवार की सुबह करीब 8 बजे वे रोज की भांति रेलवे लाइन की तरफ टहलने निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय उन्होंने कानों में ईयरफोन लगाया हुआ था जिसके कारण उन्हें ट्रेन के आने की आवाज सुनाई नहीं दी और वे ट्रेन की चपेट में आ गये जिससे सन्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
स्टेशन अधीक्षक ख़ेतासराय ने इस घटना की सूचना खेतासराय पुलिस को दी। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज शैलेन्द्र राय, एसआई कपिलदेव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक सन्नी बिन्द एक होनहार छात्र थे जो वर्तमान में राधा वल्लभ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट इमामपुर, खुटहन से बैचलर ऑफ फार्मेसी (B.Pharma) द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे। वे अपने माता-पिता के इकलौते संतान थे। उनकी मां चन्द्रकला देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं जबकि पिता छोटेलाल बिन्द रोजी-रोटी के सिलसिले में मुम्बई रहते हैं। सन्नी की असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। पड़ोसी और रिश्तेदार शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस