मीरगंज फायरिंग कांड का मुख्य आरोपी करण चौहान मुठभेड़ में घायल, तमंचा और बाइक बरामद

जौनपुर। मीरगंज थाना क्षेत्र में राज सिंह चौहान पर फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी करण चौहान आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बीती रात बंधवा तिराहे पर हुई पुलिस मुठभेड़ में आरोपी को गोली लग गई, जबकि पुलिस टीम सुरक्षित रही।

जानकारी के अनुसार, 9 अक्टूबर 2025 को थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम मोलानापुर में राज सिंह चौहान पर फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में करण चौहान के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा तीन विशेष टीमों का गठन किया गया था। बीती रात पुलिस टीम बंधवा तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी एक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया। रोकने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश को गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान करण चौहान के रूप में हुई, जो मीरगंज फायरिंग प्रकरण का वांछित आरोपी था।

पुलिस ने मौके से एक तमंचा, कारतूस और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ जौनपुर और प्रयागराज जिलों में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर, लूट, हत्या और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस