फाफामऊ में पानी की टंकी पर जमीन विवाद को लेकर चढ़ा युवक , पुलिस की सूझबूझ से उतरा नीचे
एसीपी थरवई अजेंद्र यादव ने दिलाया उचित कार्रवाई का भरोसा
फाफामऊ। फाफामऊ थाना क्षेत्र में शनिवार को हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक के टंकी पर चढ़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही फाफामऊ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। शांतिपुरम चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मौर्य ने स्थिति को संभालते हुए युवक से फोन पर लगातार संपर्क बनाए रखा और उसे नीचे उतरने के लिए मनाने लगे। खबर मिलते ही एसीपी थरवई अजेंद्र यादव भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक से बात कर उसकी पूरी समस्या सुनी और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित एसीपी सोरांव से पीड़िता की बात भी करायी ।पुलिस की काफी देर की समझाइश के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। युवक की पहचान रवि विश्वकर्मा पुत्र अमृत लाल विश्वकर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रवि का होलागढ़ थाना क्षेत्र में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। हालांकि इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। युवक के नीचे उतरने के बाद फाफामऊ पुलिस ने होलागढ़ थाने की पुलिस को बुलाकर रवि को सकुशल उनको सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले के सभी तथ्यों की जांच कर रही है। मौके पर एसएसआई कंबोज सिंह, उपनिरीक्षक हारून, कांस्टेबल शैलेश सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment