मंगलवार को गृह प्रवेश कर मनाया जश्न,आज कमरे मिली पति पत्नी की लाश, पुलिस जांच में जुटी,जानें मौत का कारण


लखनऊ के गोमती नगर विस्तार स्थित गंगोत्री विहार फेज दो में स्थित आलीशान घर में गृह प्रवेश की पार्टी के बाद बुधवार सुबह पति-पत्नी का शव उनके बेडरूम में पड़ा मिला। सुबह जब काफी देर तक दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले तो अनहोनी की आशंका में रिश्तेदारों ने कमरे की खिड़की का शीशा तोड़ा तो भीतर श्याम किशोर (38) का शव फंदे पर लटका देख घबरा गए। दरवाजा तोड़कर रिश्तेदार और परिवार के लोग भीतर गए तो बेड पर साधना (36) की लाश पड़ी थी। परिवार में कोहराम मच गया।
मूल रूप से गोंडा के कर्नलगंज थाना क्षेत्र निवासी शिव शंकर पुरवा निवासी रंगनाथ मिश्रा के पुत्र रामकिशोर, श्याम किशोर और बृज किशोर गोमती नगर विस्तार में गीतापुरी के पास रहकर बिल्डिंग मटेरियल का कारोबार करते हैं। तीनों भाइयों ने हाल ही में गोमती नगर के गंगोत्री विहार फेस टू में चारमंजिला आलीशान मकान बनवाया है।
जिसमे बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर पर बिल्डिंग मटेरियल की दुकान खोली गई और ऊपर की दो मंजिलों पर परिवार के लिए आवास बनवाया था। मंगलवार को नवनिर्मित मकान में गृह प्रवेश की पार्टी थी। इसमें तमाम रिश्तेदार, मित्र और आसपास के लोग शामिल हुए।
देर रात तक खाना पीना और डांस के बाद परिजन व रिश्तेदार सो गए। बुधवार सुबह श्याम किशोर देर तक कमरे से नहीं निकले तो उनकी बहन ने दरवाजे पर दस्तक दी। दरवाजा नहीं खुलने पर कमरे की खिड़की का शीशा तोड़ा गया। दरवाजा तोड़कर रिश्तेदार और परिवार के लोग भीतर गए तो बेड पर पत्नी साधना की लाश पड़ी थी। जबकि श्याम किशोर की 9 साल की बेटी प्रियांशी पास में बैठी थी और 7 साल का बेटा अविनाश सो रहा था।
श्याम किशोर और साधना की मौत से परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया आनन-फानन पुलिस को सूचना दी गई। इस पर डीसीपी पूर्वी अमित कुमार आनंद, एडीसीपी पूर्वी कासिम आब्दी और गोमती नगर विस्तार इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना करने के साथ ही परिजनों व रिश्तेदारों से पूछताछ की। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि फोरेंसिक टीम के साथ मौके का मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
साधना के मायके वालों का कहना है कि श्याम किशोर ने साधना की हत्या कर दी। उसके बाद फंसने के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके वालों का कहना है कि साधना नए घर में जाने को लेकर खुश थी। उसका आत्महत्या करना संभव ही नहीं।
श्याम किशोर के परिजनों का कहना है कि दोनों के कमरे का दरवाजा सुबह देर तक न खुलने पर पुलिस को सूचना दी गई। उन्होंने दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद की बात स्वीकार की है लेकिन विवाद किस बात पर हुआ इसकी जानकारी होने से इंकार किया।

 

 

 

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस