जौनपुर में 59 मुख्य सेविकाओं को मिला नियुक्ति पत्र, खिले नवचयनितों के चेहरे


जौनपुर, 27 अगस्त 2025। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत प्रदेशभर में 2425 मुख्य सेविकाओं एवं 12 फार्मासिस्टों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जौनपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।

इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्र, सदस्य विधान परिषद बृजेश सिंह प्रिंसु, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित अन्य अधिकारीगण और नवचयनित सेविकाएं मौजूद रहीं।

विधायक बदलापुर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया से अभ्यर्थियों की प्रतिभा का सम्मान हुआ है। उन्होंने मुख्य सेविकाओं से आह्वान किया कि वे बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा सुधार में अहम भूमिका निभाएं।

एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसु ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से मिशन रोजगार के तहत युवाओं को लगातार अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने नवचयनितों से ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने की अपील की।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जनपद का सौभाग्य है कि 59 बेटियों ने मुख्य सेविका पद पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने सभी को ईमानदारी से दायित्व निभाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थी अंकिता यादव, सुमन पाल और अमृता गोस्वामी ने अपनी खुशी साझा करते हुए मुख्यमंत्री व प्रशासन का आभार जताया और विभागीय कार्यों को पूरी निष्ठा से करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन डिप्टी पीडी आत्मा डॉ. रमेशचंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, डीसी मनरेगा सुशील त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम जितेंद्र प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ