किराया बकाया को लेकर विवाद, किराएदार ने की फायरिंग; युवक घायल



जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के नगवा राजापुर गांव में रविवार देर शाम किराए के पैसों को लेकर हुआ विवाद गोलीकांड में बदल गया। फायरिंग की इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, जोगियापुर निवासी राजकुमारी देवी का मकान नगवा राजापुर गांव में है, जिसे बालमुकुंद नामक व्यक्ति किराए पर लेकर रह रहा था। आरोप है कि वह पिछले चार महीने से किराया नहीं दे रहा था। रविवार को मकान मालिक राजकुमारी देवी अपने नाती स्वयं मिश्रा, विवेक दूबे और अन्य परिजनों के साथ बकाया किराया लेने पहुंचीं।

इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और गुस्से में आरोपी बालमुकुंद ने घर से 12 बोर की एकनाली बंदूक निकालकर फायर कर दिया। गोली स्वयं मिश्रा के बाएं हाथ की कलाई में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इस घटना की पुष्टि करते हुए एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि मामला किराया विवाद से जुड़ा हुआ है। घायल का उपचार चल रहा है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। साथ ही विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस