जिलाधिकारी ने किया मुफ्तीगंज बीडीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण

कुछ ही मिनटों में बनवाया ग्रामीण का मृत्यु प्रमाण पत्र, त्वरित कार्यवाही से प्रभावित होकर ग्रामीण ने जताया आभार


जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी, मुफ्तीगंज के कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली एवं अभिलेखों का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान नैपुरा निवासी संदीप कुमार अपने पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए कार्यालय पहुंचे थे। जिलाधिकारी ने स्वयं ऑपरेटर के साथ बैठकर कुछ ही मिनटों में उनका प्रमाण पत्र निर्गत करवाया। त्वरित कार्यवाही से प्रभावित होकर संदीप कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिला प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने उन्हें अंगवस्त्र प्रदान किया।

जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों के निर्गमन में किसी प्रकार की देरी न हो तथा आमजन को समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराई जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र पंचायत निधि से बन रहे मीटिंग हॉल के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। खंड विकास अधिकारी अस्मिता सेन ने बताया कि बजट की कमी के कारण कार्य अस्थायी रूप से रुका था, अब बजट प्राप्त हो गया है और कार्य पुनः प्रारंभ हो चुका है। शीघ्र ही निर्माण कार्य पूर्ण कराया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक फरियादी से शालीनता एवं संवेदनशीलता के साथ व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत चल रहे कार्यों का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, खंड विकास अधिकारी अस्मिता सेन, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस