पीयू परिवार की सामूहिक मेहनत, समर्पण का परिणामः प्रो. वंदना सिंह

पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने रचा इतिहास ,पहली बार क्यूएस रैंकिंग में मिला स्थान

जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर ने अपनी शैक्षणिक यात्रा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। विश्वविद्यालय को पहली बार विश्व-प्रतिष्ठित क्यूएस (QS) रैंकिंग प्रणाली में स्थान प्राप्त हुआ है। दक्षिण एशिया की रैंकिंग में विश्वविद्यालय ने 397वाँ स्थान हासिल किया है, जबकि एशिया स्तरीय रैंकिंग में यह 1200-1400 बैंड में शामिल हुआ है।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट शैक्षणिक दृष्टिकोण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि “यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों, कर्मचारियों और छात्रों की एकजुट मेहनत का परिणाम है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम गुणवत्ता, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के मानकों पर स्वयं को और मजबूत करें।”

विश्वविद्यालय ने हाल के वर्षों में शिक्षण, अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। इनमें नई अनुसंधान प्रयोगशालाओं की स्थापना, अंतरराष्ट्रीय शोध परियोजनाओं में भागीदारी, उद्योगों के साथ सहयोग और गुणवत्ता आधारित प्रकाशनों को प्रोत्साहन प्रमुख हैं। सतत ऊर्जा, स्वास्थ्य विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और नैनो प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में भी विश्वविद्यालय ने उल्लेखनीय योगदान दिया है।

यह उपलब्धि न केवल विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है, बल्कि संपूर्ण पूर्वांचल क्षेत्र के लिए भी प्रेरणादायक है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और अनुसंधान गुणवत्ता के क्षेत्र में विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि आने वाली रैंकिंग में स्थिति और सुदृढ़ हो।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस