बरसात ने खोल दी सड़कों की पोल,

रामपुर मार्ग पर मरम्मत शुरू — अन्य ग्रामीण सड़कों की हालत अब भी बदतर

जौनपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश ने सड़कों की खस्ताहाली को उजागर कर दिया है। रामपुर से बरसठी तक की मुख्य सड़क जगह-जगह से टूट चुकी है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों दोनों के लिए आवागमन चुनौतीपूर्ण हो गया है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए रामपुर-निगोह मार्ग पर गड्ढों को भरने के लिए बोल्डर डालने का कार्य प्रारंभ कर दिया है।

अपना दल (एस) के जिला महासचिव नितेश पाठक ने बताया कि उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र को पत्र लिखकर सड़क की बदहाल स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित कराया है।

हालांकि रामपुर मार्ग की मरम्मत से आंशिक राहत मिली है, मगर बरसठी क्षेत्र के दर्जनों लिंक मार्ग अभी भी बेहाल हैं। बधवा-जमालापुर मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है, जहाँ बड़े-बड़े गड्ढों के कारण रोजाना राहगीर चोटिल हो रहे हैं। वहीं मियाचक बाजार में जलजमाव के चलते करीब एक फीट ऊँचाई तक पानी भर गया है, जिससे सड़कें कीचड़ और दलदल में तब्दील हो चुकी हैं।

बरसठी और बारीगांव बाजार के पास की सड़कें भी जलभराव और गड्ढों से भरी हैं। स्थानीय दुकानदार राजेश यादव ने बताया कि इन हालातों में ग्राहक बाजार तक आने से बच रहे हैं, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा है।

क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जैसे रामपुर मार्ग को प्राथमिकता दी गई, वैसे ही बधवा-जमालापुर, मियाचक बाजार, बरसठी बाजार और बारीगांव की सड़कों पर भी तुरंत राहत कार्य शुरू कराए जाएं। लोगों का कहना है कि सड़कों के किनारे जलनिकासी की उचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए, ताकि हर बरसात में सड़कें जलभराव की शिकार न बनें।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से अपील की गई है कि वे शीघ्र मौके पर पहुंचकर स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करें, अन्यथा किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस