अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन



शिक्षा ही सफलता की असली सीढ़ी है - जागृति पांडेय

थरवई / अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर अमृत एजुकेशनल एण्ड चैरिटेबल ट्रस्ट प्रयागराज के तत्वावधान में गयादीन विश्वकर्मा इण्टर कालेज भिदिउरा थरवई  में मिशन शक्ति 5.0 के तहत जागरूकता एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, आत्मनिर्भरता तथा समाज में उनके सशक्त योगदान के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में जागृति पाण्डेय उपनिदेशक, मेरा युवा भारत, युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार रहीं। उन्होंने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि आज की बालिका कल की राष्ट्र निर्माता है। प्रत्येक बालिका में अपार क्षमता छिपी होती है, आवश्यकता है तो केवल उस क्षमता को पहचानने और उसे उचित दिशा देने की। उन्होंने छात्राओं से आत्मविश्वासी बनने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और अपने सपनों को साकार करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
इस अवसर पर थाना थरवई कमिश्नरेट प्रयागराज से मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी निधि पटेल, ऋचा वर्मा, पूनम बिंद, एस आई धर्मेंद्र कुमार यादव एवं कांस्टेबल गोविंद सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी दी। मिशन शक्ति सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सामाजिक, आर्थिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाना है। पुलिस विभाग की टीम ने उपस्थित छात्राओं को सुरक्षा एवं सहायता से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नम्बरों जैसे वी मेन हेल्प लाइन 1099, डायल 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर, 1030 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन आदि की जानकारी दी। छात्राओं को बताया कि संकट या किसी भी असुरक्षित स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अमृत एजुकेशनल एण्ड चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष तीर्थराज विश्वकर्मा ने की। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य समाज में शिक्षा, जागरूकता और सेवा के माध्यम से नवाचार लाना है। उन्होंने बताया कि संस्था निरंतर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रचार-प्रसार, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण की दिशा में कार्य कर रही है। कार्यक्रम में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से राम मूरत विश्वकर्मा ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा और शिक्षा दोनों ही राष्ट्र के विकास की बुनियाद हैं। यदि हम प्रत्येक बालिका को शिक्षा और आत्मविश्वास का अवसर दें, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित रूप से दिखाई देगा। इस अवसर पर ट्रस्ट द्वारा जनपद स्तरीय विद्या प्रतिभा स्पर्धा परीक्षा का शुभारंभ भी किया गया। इस प्रतियोगी परीक्षा में जनपद प्रयागराज के कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। परीक्षा का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतियोगी भावना, आत्मविश्वास और शैक्षिक विकास को प्रोत्साहित करना है। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को साइकिल देकर सम्मानित किया जाएगा। इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता, रचनात्मकता और समाज के प्रति संवेदनशीलता को बढ़ावा देना ही इसका मुख्य लक्ष्य है। ट्रस्ट की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सभी ने ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों के आयोजन की कामना की।

   कृष्णा मोहन मौर्या ( सच खबरें )

Comments

Popular posts from this blog

लोक जनशक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केक काटकर मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का जन्मदिन

पं. हनुमत् दत्त त्रिपाठी इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर ली गई शपथ

दशहरा पर मलाक हरहर के मेले का एसीपी थरवई ने किया निरीक्षण, बोले - जनता की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है पुलिस