*जिला कारागार पहुंचे डीएम-एसपी, बैरकों से पाकशाला तक परखी व्यवस्थाएं*
*बंदियों से स्वास्थ्य और सुविधाओं की ली जानकारी, स्वच्छ भोजन व बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के दिए निर्देश*
*जौनपुर।* जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने सोमवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम-एसपी ने विभिन्न बैरकों, कारागार अस्पताल, पाकशाला सहित अन्य स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति परखी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिला कारागार अस्पताल में भर्ती बंदियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित चिकित्सकों एवं कारागार प्रशासन को बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम और एसपी ने पाकशाला का निरीक्षण किया। यहां बंदियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया को देखा। अधिकारियों ने भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने तथा बंदियों को मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कारागार परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम और एसपी ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों की सुरक्षा के साथ उनकी मूलभूत सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment